June 21, 2010

कौन सगा कौन पराया - आज का मानुष

अब भैया, हमको चलने की आदत है सो चल पड़े हैं फिर से एक नया जहाँ बसाने और मुझे मालूम है की मेरी नयी दुनिया भी इतनी ही रंगीन और हसीं होगी जितनी की यह है, जिसमे मैं सांस लेता हूँ| कुछ सीखना और उन सीखों को आगे उपयोग में लाना ही मनुष्य की परिणीती है, कुछ सफल होते हैं और कुछ असफल! अब मैं जैसा भी हूँ, कहीं-कहीं, कभी-कभी आज के समाज से घालमेल नहीं खाता| कई दफे जिन लोगों के लिए रात-दिन एक करते रहे, फिरे वही आज दरकिनार करते जाते हैं, या मेरा वहम है, कहीं मैं खुद ही तो दूर नहीं होता चला जा रहा हूँ सबसे| अब जो भी है, यही है आपके सामने प्रस्तुत है| कुछ हट सा रहा है मन, इस तरह के लोगों से और ऐसी दुनिया से जो सिर्फ-और-सिर्फ अपने लिए सोचती है|

दम घुटने लगा है इस परायी सी दुनिया से, जहाँ कोई अपना नहीं| जहाँ कोई भी बगैर झूठ के बुर्के के अपनेआशियाने से एक कदम भी बाहर नहीं निकलता| क्या दुनिया वाकई में कोई रंगमंच है जहाँ हर किरदारकोई--कोई पात्र निभा रहा है और पात्र भी ऐसे-ऐसे जिन्हें किसी पटकथा की कोई जरुरत ही नहीं महसूस होती, वो खुद के हित में किरदार में तोड़-मरोड़ कर लेते हैं और यह किरदार किसी वैज्ञानिक-परिकल्पना से जन्मे यांत्रिक-मानव (रोबोट) के सरीखे हैं जिन्हें अब कोई इश्वर, अल्लाह, या कोई खुदा अपने बस में नहीं कर सकता... अब जो घटित होता है वो इसी मनुष्य के कर्मो का फल है और उस फल को मजबूरी में अन्यान्य मनुष्यों को भी झेलना पड़ता है! दुनिया सचमुच जहरीली हो गयी है, इसको अब और किसी बड़े रासायनिक, जैविक या प्राकृतिक हादसे या दुर्र्घटना की कोई जरुरत नहीं है, यह वैसे ही दूषित हो चुकी है और इसमें अब केवल चंद सफ़ेद-पोश लोग ही यह निर्धारित करते हैं की किसी का जन्म कैसे हो या फिर मृत्यु को कैसे भुनाया जाए और किसी पच्चीस वर्ष पुरानी चिता पे रोटियां कैसे सेकनी हैं इसके लिए यह अल्पावधि के पाठ्यक्रम भी आयोजित कर सकते है, खर्चा मात्र कुछ दस-पांच हजार| ऐसे लोगों की भी कमी नहीं जो कुछ चंद रुपयों और थोड़े समय के प्रचार के लिए दंगे फसाद भी करवा सकते है, क्या हो गया है समाज को? किस रास्ते पे चल रहा है मनुष्य| अगर यही रास्ता शेष रह जात है तो इस दुनिया से कहीं और चलने के लिए विवश हो जाऊँगा मैं.....

हर तरह से पराये इस संसार में मेरी नब्ज और मेरी साँसे ही मेरी सगी हैं और वो भी मृत्यु से विवाह होते ही अपनों की तरह पराये हो जायेंगे| चलो गनीमत है अभी उपरोक्त विवाह के होने कुछ-एक साल बाकी हैं!

June 17, 2010

चला मुरारी दूल्हा बनने

मुरारी मेरे साथ काम करने वाला मेरा एक सहकर्मी है, और आज उसकी शादी है, जाने का मन तो बहुत था, लेकिन कार्यवश मैं जा नहीं सका.... मुरारी तुमको मेरी ओर से हार्दिक-शुभकामनाएं||


गजानन भूतगणआदिसेवितं,
कपित्थ्जम्बुफल चारुभक्षणं |
उमासुतं शोकविनाशकारकं,
नमामिविघनेशवर पादपंकजम||

मुरारी प्रवृत्ति का बहुत ही सौम्य और प्रकृति का साधारण इंसान है, लेकिन उसकी सादगी ही उसके आस-पड़ोस को घनात्मक उर्जा से ओत-प्रोत करती प्रतीत होती है| इस युग में उसका पाया जाना एक विलक्षण घटना है| पेशे से आई.टी औद्योगिक इकाई में वरिष्ठ विश्लेषक के पद पर विराजमान महोदय, मैनेजमेंट और बी.टेक के होनहार स्वर्णिम छात्र रह चुके हैं... उपलब्धियाँ श्रीमान के चेहरे से चूती नजर आती हैं और यदि एकत्र कर ली जाएँ तो गुडगाँव शहर की एक दिन की पानी की जरुरत पूरी हो जायेगी| इसलिए इस प्रायोजन को यहीं समाप्त कर लेते हैं| वैसे आदमी बहुत सीधा है यूँ कहिये की गाय है, जी हाँ यदा-कदा ही सींगों का उपयोग करता पाया जाता है| वैसे यह गाय दूध नहीं देती, मगर इनकी बातों में क्षीर-सागर समाया प्रतीत होता है| कभी आपको दर्शन हो जाएँ तो आप भी पुण्य कमा जायेंगे और आपको पता ही नहीं चलेगा, आज धरती ऐसे ही पुरुषों के महातम्य से फलीभूत हो रही है नहीं तो कभी की रसातल में चली गयी होती|

विशेष रस्मों और व्यवहारिक रिवाजों की लीक बन चुकी परम्पराओं को निभाते हुए मुरारी आज अग्रसर हैं अपने उस कल की ओर जहाँ से उनको ब्रह्मचार्य निभाता उन्हीका प्रतीक स्वरुप कोई भाई जाया होता दीखेगा! किसी ने सही ही कहा है शादी-ब्याह कुछ ऐसा मिस्ठान है जो खाए वो पछताए और जो खाए वो भी पछताए, चलिए आगे की आगे देखी जायेगी, अभी तो मुरारी इन स्वर्णिम पलों को जी ले| आज तक का एकव्रत धारी आज अपने योग्य साथी पा धन्य होने जा रहा है| हम तो केवल आशिर्पुश्पों से नवजोड़ी को शुशोभित कर सकते हैं और दोनों को आजन्म दाम्पत्य भोगने के अनुग्रहों और आशीर्वचनो से माल्यंकित कर सकते हैं| संगिनी भी किस्मत वाली मिली हैं महाशय को, रूपवती, गुणवती और माता-पिता की आज्ञा को शिरोधार्य कर चलने वाली ऐसी भाग्यवान कन्याएं, सच में मुरारी जैसी किस्मत वालों की कुंडली में ही होती हैं|

जोड़ी ऐसी जैसे सोने-पे-सुहागा बस दिल से यही दुआ निकलती है
की मुरारी तुम जियो हजारों साल और जोड़ी बनी रहे||




June 15, 2010

मन की भड़ास - 6 महीने की बिमारी

एक रहिन हीर, एक रहिन तीर और एक रहिन हम! अब कहावत है ना के अकेला चना क्या भाड़ झौंकेगा..... बस झोंक ही दिए भाड़ और लियो पिलाई पे पिलाई! किस से शिकायत और कौनो मुंह से शिकायत... खुद ही तो कहे थे की संभाल लेंगे हम| प्रस्तावना तो ठीक से हो गयी अब जरा माजरे को भी सुलझा-बुझा लें! नहीं बाद में कहोगे की खेंच बहुत मारते हो, मातारी...

मन था अकेला, खेल ऐसा खेला, चल पड़ा रेला, पकड़ा गया अकेला.... आगे आप खुद ही समझदार हैं... ही ही ही...

उन्हें जाना था मुझे निचोड़ के और वो चल दिए, सवारी भी ऐसे दिन उठाई की मन चाहते हुए भी एक बारी और की गुजारिश कर सका| नया साल था भैया.... अब कुछ नेमत तो देना ही पड़ता न... तो दे दिए आजादी... उधर पंछी फुर्र और इधर बन्दुक टांय-टांय फिस्स! अब किसपे निशाना साधें समझ नहीं आता था... बस दिमाग की बिमारी शुरू हो गयी... और हो गए हम अकेले... पंछी तो पहले ही किसी और डाल को खुरचने लगा था! अब हम और हमारी दुनिया पहले की ही भांति मगर पहले से थोड़ी जुदा सी हो गयी... अपने कमरे में सिमट के रह गए और यहीं से मन कुड़ना शुरू हुआ और इस हद कूड गया की बन्दुक उठाने का मन ही रहा, शिकार की तो बात ही दूर रही| खैर दुनिया के भी रंग निराले हैं, काम को माशूका मान चुके हम काम से ही जी चुराने लगे, और सब जगह के मारे और कमरे में हारे वाली कहावत को चरितार्थ कर चुकने की कगार पे पहुंचे, हेंच एक झोंका और हम गुमनामी की खाई में... मगर किस्मत के पहलवान हैं हम, मंगल बहुत भारी है... लेकिन क्या-क्या देखा और क्या-क्या सुना इस बीच की दिमाग कलुषित हो चूका था... अब एक नयी बहार का इन्तजार था और वो आने का नाम ही नहीं ले रही थी| एक नयी झोंक भी सवार हो चली थी, अबकी बार और बेहतर!

और लो वो क्षण ही गया की हम इस बिमारी से बाहर निकल आये... मातारी... कहती थी की हम पागल हैं, अगर आज सफलता के इस मुकाम पे देख लेती तो शायद अंधी हो जाती... लेकिन हम हैं दिल से जरा कमजोर, उसके सामने ही पड़ेंगे और यदि वो सामने गयी तो हमको पता चल ही जाएगा... भाई सड़क तो पार करनी ही पड़ेगी सूरदासी को....

April 27, 2010

INTERCONNECT - ROAMING

Interconnect in Roaming could be monitored via the following scenario based events (*Only Voice Call Events considered).

MOC - If the call is originated in the roaming network, that would come in as TAPOUT, the originating network would make sure that in its Interconnect agreement with the terminating network if different from the subscriber's network should be paid for this call and if the terminating network is the home network of the subscriber it should be considered as per the INTERCONNECT AGREEMENT in between these two Network Operators. In both the cases the TAPOUT charge should be above the terminating charge in order to have the call Routing/Roaming Network to be on the profitable side of the business.

MTC - If the call is terminated in the roaming network, a RCF leg is generated in the home network, again this event would be reported by the Roaming Network Operator through TAPOUT to the home network of the subscriber plus this incoming call event would also be considered as per the Interconnect Agreement.

February 27, 2010

होली है!

शनिवार के दिन ऑफिस में, कुछ काम ही ऐसा है, कि आना पड़ता है!

बॉस ने पूछा कि, तुम नहीं जा रहे अपने घर, जवाब देते नहीं बना, क्यूंकि दिल चाहता है कुछ, और दिमाग कहता है कुछ, अपने घर-गाँव से अलग एक नयी दुनिया ही बना ली है मैंने... और इस दुनिया में कोई रंग नहीं| रंग तो घर कि होली में है, अफ़सोस कि उसके लिए भी ज्यादा मुखर नहीं हो पाया कभी, लेकिन याद है कि होली कैसी होती है| बचपन में होली कि तैयारियां एक हफ्ते पहले शुरू हो जाती थी, पिताजी से पैसे लेकर रंग कि दूकान से मनपसंद रंग और कुछ नए रंग खरीदे जाते थे और फिर गली-मोहल्ले रंग दिए जाते थे| कपडे गंदे हों इसका बहुतेरा ध्यान रखने पर भी एक-आध छींट बुर्शत्त के किसी कोने पे अपना निशान छोड़ जाते थे, और उसके बाद माताजी के हाथों क्या धुलाई होती थी, बस पूछिये मत| अब वो मार शायद कभी नहीं पड़ेगी...



रंगों से दूर होता चला गया मैं! इस कदर दूर कि अब रंग एक अजीब सी मादकता का पर्याय लगते हैं! कभी जान होगा इस बाजार, समझ नहीं आता| रंग किस दाम पर मिल रहे हैं पता नहीं, मेरी दुनिया के रंग किस बाजार में मिलेंगे यह भी पता नहीं.....

होली का पर्याय है मिलना-जुलना, गाँव-घर के सभी लोगों का एकमस्त हो नाचना गाना और अपनी कुमाउनी संस्कृति के अनुसार झोडों का हिस्सा बनना| मिसरी, आलू के गुटके, घुझिया और भाभियों का दुलार और अमाओं कि झाड... क्या रंग है अपनी होली में! यह रंग किसी बाजार में नहीं मिलेंगे, और इन रंगों को खोज लाने वाले को मनचाहा इनाम|



आज बिरज में होली है रे रसिया...
होली है!

February 9, 2010

नशे का जहाँ

तारीख - ३१ दिसम्बर २००९, ख़त्म होता साल और रंगीन होने वाली शाम का इन्तजार किसे नहीं था.... मैं भी अपने एक दोस्त के साथ सेंट्रल पार्क, कनाट प्लेस पहुँच चूका था, और एक लस्सी गटक दिल्ली कि सर्दी में यहीं कि धुप का आनंद ले रहा था| शाम होने में और दुनिया को नशे में रंग जाने में कुछ वक़्त था

और मेरी निगाह एक ऐसी दुनिया पर पड़ी जिसको देखने के लिए आपको केवल फुर्सत के कुछ क्षण चाहिए होते हैं, वह जमाना गया जब किसी पारलौकिक दुनिया का आभाष मात्र करने को आपको अपनी छोटी सी जिंदगी का एक बहुत बड़ा हिस्सा ध्यान और गहन चिंतन करने में गुजारना पड़ता था, यह दुनिया ठीक मेरी नजरों के सामने थी, कौन सी दुनिया? जनाब नशे कि दुनिया, नशे का जहाँ!

उपलब्ध कैमरा काम आया और मैं यह तस्वीरें खींचने में सफल हो गया, मगर कुछ भद्दी और अनसुनी गालियाँ हजम करने के बाद! यह कौन सी दुनिया है जो ठीक सबके सामने है मगर किसी के पास फुर्सत भी नहीं, इसकी ओर देखने कि..... ऐसा क्यूँ होता है? मुझे भी नहीं दिखता था कभी, लेकिन आज, आज मेरी नजरें सीधी-सीधी इसी दुनिया से बावस्ता थी....



इस दुनिया का पता सेंट्रल पार्क, इसके होने कि वजह मालुम नहीं, पता होती तो शायद भारत को तीसरी दुनिया कि गिनती से बाहर निकाल पाता, बहरहाल मैं इस दुनिया के बेहद करीब होने और इसके तौर-तरीकों से हल्का सा परिचित होने का अनुभव हासिल कर खुद को बुद्ध घोषित करना नहीं चाहता, मैं तो केवल इशारा कर सकता हूँ, और सही ही तो कहता है कलबिया ----

दौरे-जहाँ में मेरा भी आशियाँ होगा,
कहीं पे कदम तो कहीं पे निशाँ होगा,
गैर नहीं जो मुझसे नहीं इस जहाँ में,
इस जगह से दूर नहीं, यहीं किसी कोने में,
मेरा भी जहाँ होगा...

January 11, 2010

जिम्मेदारियों का बोझा!

किसी संभ्रांत परिवार से ताल्लुक रखने वाला, कद-काठी से मजबूत यह युवक जिसे उसके मित्र जुगाडू भाई के नाम से जानते हैं, एक बहुत ही संवेदनशील इंसान है और यह मुझे कल ही पता चला...

जो तन बीते सो तन जानी... वाली कहावत पहली बार चरितार्थ होती नजर आयी| जुगाडू भाई अपने घर का अकेला ऐसा सपूत है जिसके कांधों पर जिम्मेदारियों का बोझा ठीक वैसे ही नजर आया, जैसे धोबी के गधे पे धुलने जाते या धुलकर आते कपड़ों का गट्ठर कभी नजर आता था, आजकल तो घर-घर बैठी कपडे धोने कि मशीन होने की वजह से ऐसे कर्मवीर गधों के दर्शन होना भी एक दुर्लभ स्थिति है.... जुगाडू भाई इस परिपेक्ष्य में सटीक बैठता था और मानूस रूपी इस गधे के दर्शन से जीवन कृतार्थ हो गया|

वैसे देखा जाए तो मित्रो के मुंह से जैसा सुना वैसा ही वर्णित करना इनकी अतिरेक बढाई करना होगा, किन्तु मैं यह जोखिम अपनी भाषा के अल्प ज्ञान की वजह से नहीं लेना चाहूँगा| पता चला इनको अपनी इस ढलती उम्र में किसी षोडशी से प्यार हो गया और यह महोदय अपने दिल को मार कर इन्ही षोडशी को घर के लिए परिमार्जित समय दे चुके हैं और अब इनकी जिम्मेदारियां अपना मुंह फाड़े खड़ी हैं और वह कन्या किसी अनकही कथा की भाँती ही किसी और नवयुवक को अपना दिल दे चुकी हैं! हाय रे किस्मत, क्या सच में किस्मत नाम की गुडिया होती है? मेरे इस बेवक़ूफ़ सवाल को अपना मुंहतोड़ जवाब मिल चूका था|

अपने जुगाडू भाई किसी फ़िल्मी मजनू की भाँती ही शराब का सहारा लिए इस कंपकंपाती ठण्ड को भी अपनी कद-काठी के विपरीत अपनी खटारा हो चुकी दुपहिया पे झेलते चले जा रहे हैं| दिल बहुत रोया और ऐसे ही कुछ प्रचलित से किसी फ़िल्मी गीत की भांति ही इनकी आँखें भर आती हैं| मुझे लगा की जुगाडू भाई को अपना कन्धा वहीं सौंप आऊं और राजधानी क्षेत्र में द्वारका की दूकान से अगली सुबह बरामद कर लूँ| मैं सुझाव दिया क्या आपने उस कन्या से बात की, ऐसा अंधेर क्यूँ हो गया? क्या कमी थी या फिर उसकी क्या इच्छाएं थी जो तुम पूरी नहीं कर सकते थे| मुझे तो जुगाडू ठीक-ठीक लगा, उसकी जेब महंगी शराब के एक अद्धे से महिमामंडित थी और वह मुझे पीने की पेशकश भी कर चूका था लेकिन इस दास्ताँ को सुनने का समय मेरे पास ना था, और मुझे भी किसी के सकुशल घर पहुँचने की खबर का इन्तजार था और आज तो ठण्ड भी कुछ ज्यादा थी, और हमारी दोस्त को जुकाम थोड़े जल्दी पकड़ लेता है, अब भाई फ़िक्र तो हो ही जाती है न| वैसे मुझे लगा की जुगाडू भाई की जिम्मेदारियों का निकट भविष्य में कोई अंत नहीं है और इतना समय उस कन्या के पास नहीं होगा, शायद यही कमी थी और इस कमी के चलते जुगाडू भाई आज चलते-फिरते धुआं भट्टी हो चुके है, दिल जल रहा है या सिगरेट सही-सही नहीं कह सकता..

चलिए अपनी दुनिया और अपनी कुछ काम की और कुछ फ़ालतू की जिम्मेदारियों का बोझा उठाये और अपनी मनपसंद क्लास्सिक रेग्युलर होंठों के बीच दबाये हम अपनी छोटी सी कोठरी की ओर अग्रसर हो चले|